Steed of the Jungle God now वन देवता का वाहन!

वन देवता का वाहन

देश के प्रतिष्ठित प्रकाशक ‘राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत’ {National Book Trust (NBT), India} ने प्रसिद्ध पर्यावरणविद रज़ा एच. तहसीन और आरेफ़ा तहसीन की सह-लिखित अंग्रेज़ी पुस्तक Steed of the Jungle God को अब हिन्दी में प्रकाशित किया है। पुस्तक का हिन्दी अनुवादक हिमालय तहसीन ने किया है, जिसका शीर्षक ‘वन देवता का वाहन’ है।

‘वन देवता का वाहन’ में, मेवाड़ के जंगलों की ऐसी दो दर्जन से ज़्यादा रोमांचक घटनाओं का ज़िक्र है, जो तार्किकता को चुनौती देती हैं। इन्हें आम तौर पर भूत-प्रेत और किसी अनहोनी से जोड़ लिया जाता है, लेकिन इनमें से ज़्यादातर को विवेक-बुद्धि से समझा जा सकता है। रज़ा तहसीन ने अपने इस संकलन में सिर्फ़ उन्हीं घटनाओं को शामिल किया है, जो उनकी या उनके परिवार की आपबीती हैं।

ज़रा सोचिए, अँधेरे जंगल में पाज़ेब की “छन… छन…” आपका पीछा कर रही हो, तो आप कैसा महसूस करेंगे? तब क्या करेंगे जब आप गोली से ख़ाली बंदूक लिए बैठे हों और हमलावर बघेरा आपसे महज़ कुछ फ़ीट दूर हो? जिस कुएँ में आपने किसी को आत्महत्या करते देखा है, उस पर रात में रहट चलने की आवाज़ें आएँ, मगर रहट स्थिर हो, तो आपकी क्या प्रतिक्रिया होगी?

ये घटनाएँ ऐसे दौर में झाँकने का मौक़ा देती हैं जब इनसान और जानवर साथ-साथ जीने की कोशिश कर रहे थे। हालाँकि, इनसान ज़्यादा साधन-संपन्न बनता गया, लेकिन सम्मोहित करती वह विराट् सघन हरीतिमा, जो बाघ-बघेरों और उनके सगे-संबंधियों से आबाद थी, उसे हैरत में डालती रही।

इस किताब में महज़ रोमांचकारी घटनाओं का बयान नहीं है। गाँवों और जंगलों में आम जन के देखे-सुने भूतिया नज़ारों के कई मिथकों को तोड़ने की असरदार विषय-वस्तु इन कहानियों के साथ-साथ चलती है। इससे इन वृत्तांतों में कभी हल्के-फुल्के तो कभी गहरी सोच में डालने वाले मोड़ आ जाते हैं।

पाठकों के लिए इस किताब को पढ़ना ख़ुशगवार तो है ही, साथ ही यह किताब उस मनोविज्ञान की झलक भी देती है, जिससे मालूम होता है कि कई शिकारी आख़िरकार कैसे प्रतिष्ठित संरक्षणकर्ता बन गए।

हिन्दी में अनुदित किताब ‘वन देवता का वाहन’ को पाने के लिए इन लिंक्स को ज़रिया बना सकते हैं-

National Book Trust, India (NBT):
https://www.nbtindia.gov.in/books_detail__6__general-titles__8924__van-devta-ka-vaahan-hindi-.nbt

Amazon:
https://www.amazon.in/dp/9367194676
…………………………….

अंग्रेज़ी की किताब ‘Steed of the Jungle God’ को इन लिंक्स के ज़रिए प्राप्त कर सकते हैं-

National Book Trust, India (NBT):
https://www.nbtindia.gov.in/books_detail__6__general-titles__2735__steed-of-the-jungle-god.nbt

Amazon:
https://amzn.in/d/0bjeUCrx

Leave a comment

Create a free website or blog at WordPress.com.

Up ↑